-नगर पालिका बांसी की ओर से कस्बे में 50 लाख से बनाई जा रही है आधुनिक लाइब्रेरी
-जहां बच्चों को पुस्तक के साथ डिजिटल से पढ़ाई का मिलेगा मौका
संवाद न्यूज एजेंसी
बांसी। कस्बे के अशोकनगर वार्ड में नगर पालिका की तरफ से 57 लाख से बनने वाली डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण शुरू हो गया है। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं में खुशी है। लाइब्रेरी से युवा निजी लाइब्रेरी के संचालकों के शोषण से बचेंगे और इसका सबसे अधिक लाभ गरीब बच्चों को मिलेगा।
अशोकनगर वार्ड में ब्लाॅक कार्यालय के निकट स्थित नगर पालिका के कॉम्प्लेक्स के द्वितीय तल पर एक हजार पांच सौ वर्ग फीट में डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण शुरू हुआ है। जो छह माह में बनकर तैयार हो जाएगी। लाइब्रेरी में डिजिटल के साथ-साथ किताबों से भी अध्ययन कर सकेंगे।
नगर पालिका के तकनीकी सहायक अब्दुल करीम ने बताया कि इस लाइब्रेरी में एक साथ 75 बच्चे अध्ययन कर सकते हैं, और एक आधुनिक लाइब्रेरी में जो भी सुविधाएं होनी चाहिए वह उपलब्ध कराई जाएगी।
-
यह लाइब्रेरी नगर पालिका क्षेत्र के युवाओं के लिए सौगात है। एक आधुनिक लाइब्रेरी में जो भी सुविधा होनी चाहिए वह उपलब्ध कराई जाएगी। इसके निर्माण में मानक और गुणवत्ता पर पूरा ध्यान दिया जा रहा है। इसमें किसी तरह की खामी न हो इसका निर्देश अवर अभियंता और ठेकेदार को दिया गया है।
-चमन आरा राईनी, नपा, अध्यक्ष
-
इस लाइब्रेरी के निर्माण से वह काफी खुश है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने में काफी आसानी होगी और निजी लाइब्रेरी के शोषण बचेंगे। इस लाइब्रेरी में सभी सुविधाएं होनी चाहिए जिससे छात्रों को समुचित लाभ मिल सके।
-आदित्यराज सोनी, छात्र
-
लाइब्रेरी के निर्माण की सूचना काफी सुखद है। इसके सुचारू रूप से संचालन होने से युवाओं को काफी लाभ मिलेगा। इसमें आधुनिक लाइब्रेरी जैसी सुविधा होनी चाहिए।
-तकदीम इमाम, छात्र