29 जून को सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के दशम दीक्षांत समारोह में कहानी, भाषण, नृत्य और जल संरक्षण पर आधारित प्रस्तुतियां देंगे छात्र
कपिलवस्तु। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु के 29 जून को आयोजित होने वाले 10वें दीक्षांत समारोह में उच्च प्राथमिक विद्यालय बर्डपुर के बच्चे पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे। समारोह की तैयारियों के तहत शुक्रवार को बच्चों को पर्यावरण संरक्षण विषयक विशेष कार्यक्रमों का प्रशिक्षण दिया गया।
राजभवन से प्राप्त कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार बच्चों की ओर से पर्यावरण संरक्षण पर आधारित कहानी, भाषण, सामूहिक नृत्य तथा जल संरक्षण और जल संचय पर जागरूकता बढ़ाने वाली प्रस्तुतियां दी जाएंगी। प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रो. कौशल चतुर्वेदी और डॉ. यशवंत यादव के निर्देशन में आयोजित हुआ।
विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. कविता शाह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक व्यक्ति की नैतिक और सामाजिक जिम्मेदारी है। प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों से भी पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है और बच्चों में जागरूकता विकसित कर सुरक्षित भविष्य का निर्माण संभव है।
उन्होंने बताया कि कुलाधिपति की प्रेरणा के अनुरूप बच्चों के माध्यम से समाज में पर्यावरण संरक्षण का संदेश पहुंचाने पर विशेष बल दिया जा रहा है। इसी उद्देश्य से दीक्षांत समारोह में प्रकृति संरक्षण, जल संरक्षण और पर्यावरणीय उत्तरदायित्व पर आधारित विशेष प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। कुलपति ने कहा कि बच्चों की ओर से दिया गया। संदेश अधिक प्रभावी और प्रेरणादायी होता है और विश्वविद्यालय का उद्देश्य शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ सामाजिक और पर्यावरणीय दायित्वों के प्रति जनजागरण करना भी है।