सिद्धार्थनगर। विकास भवन के सभाकक्ष में गुरुवार को ग्राम स्वराज योजना के तहत प्रस्तावित कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक डीएम कुणाल सिल्कू ने की। बैठक में जिलाधिकारी ने लापरवाही अफसरों को फटकार लगाई और तत्काल कार्य प्रणाली में सुधार करने को कहा। सघन मिशन इंद्रधनुष कार्यक्रम की बारी आने पर लक्ष्य केसापेक्ष पूर्ति न होने पर डीएम ने प्रभारी सीएमओ डॉ. विजय कुमार को फटकार लगाई। कहा कि साधन व संसाधन होने के बावजूद प्रगति ठीक न होना गंभीर है। समाज कल्याण विभाग में संचालित योजनाओं व कार्यक्रमों की समीक्षा दौरान पेंशन योजना व शादी-विवाह योजना में प्रगति ठीक न पाए जाने पर समाज कल्याण अधिकारी मीनाक्षी वर्मा को सख्त हिदायत देते हुए लक्ष्य पूर्ति के लिए निर्देेशित किया। लीड बैंक अफसर को भी अपने दायित्वों व कर्तव्यों के प्रति शिथिलता पर नाराजगी व्यक्त की। डीएम ने कहा कि बैठक में सभी विभागाध्यक्ष तैयारियों के साथ आएं। जानबूझकर दायित्वों का निर्वहन न करने वाले अफसरों को किसी भी दशा में बक्शा नहीं जाएगा। बैठक में सीडीओ अनिल कुमार मिश्र, डीडी कृषि डॉ. पीके कन्नौजिया, डीडीओ सुदामा प्रसाद, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राजेश कुमार सिंह, एक्सईएन जल निगम पवन कुमार यादव, एसडीओ विद्युत सुरेंद्र कुमार, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ.आशीष कुमार अग्रहरि आदि उपस्थित थे।