उसका ः अध्यक्ष पद के निर्दल प्रत्याशी अनूपमा ने नामांकन किया।
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर। निकाय चुनाव में नामांकन प्रक्रिया के छठवें दिन नामांकन कराने वालों की भीड़ रही। सभी छह निकायों से अध्यक्ष, सभासद-सदस्य पदों पर कुल 333 नामांकन पत्र जमा हुए। इसमें 35 नामांकन अध्यक्ष पद और 298 सभासद-सदस्य पदों के हैं। भाजपा, सपा, बसपा सहित सभी प्रमुख दलों के उम्मीदवारों ने गुरुवार को नामांकन किया। इस दौरान उम्मीदवारों ने जुलूस निकालकर शक्ति प्रदर्शन भी किया। अध्यक्ष पद के लिए सिद्धार्थनगर नगर पालिका से चार, बांसी से सात, उसका बाजार से छह, शोहरतगढ़ से पांच, बढ़नी से पांच और डुमरियागंज से आठ उम्मीदवारों ने नामांकन किया।
अब तक धीमी गति से चल रही नामांकन प्रक्रिया में गुरुवार को काफी तेजी दिखी। शुभ मुहूर्त के संयोग के साथ उम्मीदवारों का जत्था नामांकन स्थल तक पहुंचा। सदर तहसील में चल रही नामांकन प्रक्रिया में सिद्धार्थनगर नगर पालिका से अध्यक्ष पद के लिए भाजपा के श्याम बिहारी जायसवाल ने नामांकन किया। हनुमानगढ़ी मंदिर से समर्थकों के हुजूम के साथ जुलूस लेकर वह तहसील कार्यालय पहुंचे और नामांकन किया। उनके साथ सांसद जगदंबिका पाल, जिलाध्यक्ष रामकुमार कुंवर, महामंत्री दिलीप चतुर्वेदी व अन्य पदाधिकारी रहे। निर्दल उम्मीदवार फौजिया आजाद बेलसड़ से जुलूस लेकर नामांकन स्थल पहुंचीं। घनश्याम जायसवाल और डॉ. जावेद कमाल ने भी समर्थकों के साथ पहुंचकर नामांकन पत्र जमा किया। उसका बाजार नगर पंचायत से भाजपा उम्मीदवार मंजू जायसवाल के साथ हेमंत जायसवाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने पहुंचकर नामांकन कराया।
यहां से सपा उम्मीदवार पुनीता यादव ने पूर्व विधायक विजय पासवान व अन्य पदाधिकारियों के साथ पहुंचकर नामांकन पत्र जमा किया। बसपा उम्मीदवार रंजना पांडेय, निर्दल प्रत्याशी बच्ची देवी बरनवाल व अनुपमा पांडेय भी समर्थकों के हुजूम के साथ तहसील कार्यालय पहुंचीं और नामांकन पत्र जमा किया। शोहरतगढ़ नगर पंचायत से भाजपा प्रत्याशी बबिता कसौधन ने नामांकन किया। उनके साथ सांसद जगदंबिका पाल, विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह, समाजसेवी योगेंद्र प्रताप सिंह, जिला प्रभारी दुर्गा राय, गोविंद माधव, महंत बलराम दास, रामपाल सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष चतुर्भुजी पांडेय, हियुवा नेता रमेश गुप्ता, सुभाष गुप्ता, अजय सिंह, व्यापार मंडल अध्यक्ष विजय परसरामका, बृज बिहारी मिश्र व अन्य रहे। सपा प्रत्याशी केशरी प्रसाद सहित निर्दल उम्मीदवार मूलचंद व ज्ञानदास ने नामांकन किया। बढ़नी नगर पंचायत से अध्यक्ष पद पर भाजपा के सुनील गुप्ता, बसपा की लक्ष्मी देवी, निर्दलीय बिंदू सिंह व रईस अजीज ने नामांकन पत्र जमा किया। डुमरियागंज नगर पंचायत से अध्यक्ष पद पर सपा के अतीकुर्रहमान, पीस पार्टी से रियाज सहित मुस्तारा खातून, रमेश कुमार, श्यामसुंदर व रामविलास ने समर्थकों के साथ तहसील कार्यालय पहुंचकर नामांकन पत्र जमा किया।