इटवा। विकास खंड इटवा के ग्राम जमोहना में रविवार को सपा की तरफ से पीडीए की जन चौपाल आयोजित की गई। इसमें नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने केंद्र व प्रदेश सरकार पर मंहगाई, भ्रष्टाचार, बिजली बिल पर अंकुश न लगा पाने का आरोप लगाते हुए सरकार को किसान विरोधी बताया।
उन्होंने ने कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई आसमान छू रही है। उर्वरक, घरेलू गैस, बिजली, पेट्रोलियम पदार्थों के दाम दिन प्रतिदिन बढ़ रहे हैं लेकिन सरकार इन पर अंकुश नहीं लगा पा रही है। किसान परेशान हैं, जबकि बिचौलिए मालामाल हो रहे हैं। भाजपा सरकार देश के गिने चुने अंबानी और अडानी जैसे उद्योगपतियों को सिर्फ फायदा पहुंचाने में लगी हुई है। फाॅल्स बिजली के बिल ने बिजली उपभोक्ताओं की नींद हराम कर दी है। वह बिजली आपूर्ति केंद्र की परिक्रमा करने को विवश हैं। किसान अपनी फसलों को औने-पौने दामों पर बिचौलिये के हाथों में बेचने को मजबूर है।
भाजपा सिर्फ हिंदू-मुस्लिम के बीच में नफरत फैलाने और गांव में आपसी भाईचारे को खत्म करने में लगी हुई है । इनसे सावधान रहने की जरूरत है। इस देश को आगे ले जाने व गांव के विकास को आगे बढ़ाने के लिए आपसी भाईचारा और एकता को मजबूत बनाए रखना आप लोगों की जिम्मेदारी है। जिला महासचिव कमरुज्जमा खान ने कहा कि सपा सरकार में जनहित के लिए तमाम योजनाएं चलाई गई थी जो भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है।
इस मौके पर सपा बूथ अध्यक्ष अहमद अली, बबलू खान, बबलू पाठक, प्रधान अमजद अली, दिनेश मिश्रा आदि मौजूद रहे।