शोहरतगढ़। तहसील सभागार में मंगलवार को एसडीएम विवेकानंद मिश्रा ने 124 सुपरवाइजरों और 747 प्रगणकों को आगामी जनगणना कार्य के लिए किट वितरित की। उन्होंने बताया कि प्रत्येक किट में पैड पुस्तिका, जनगणना फाॅर्म समेत आवश्यक सामग्रियां शामिल हैं।
एसडीएम ने कहा कि 22 मई से तहसील क्षेत्र में घर-घर जाकर मकानों और परिवार के सदस्यों का विवरण जुटाकर जनगणना एप पर डाटा भरा जाएगा। इसके लिए सभी सुपरवाइजरों और प्रगणकों को अलग-अलग टीम बनाकर प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
टीवी स्क्रीन के माध्यम से एप भरने की सरल प्रक्रिया भी समझाई गई है, ताकि कार्य सुचारू रूप से पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि जनगणना राष्ट्र का महापर्व है और इसमें सभी नागरिकों व मतदाताओं का सहयोग आवश्यक है।
उन्होंने सुपरवाइजरों को निर्देश दिया कि प्रगणकों की हरसंभव मदद करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी मकान सूची से वंचित न रह जाए। एसडीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुपस्थित रहने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।