धान खरीद घोटाले की सीबीआई जांच की मांग
डुमरियागंज। तहसील क्षेत्र के चार धान क्रय केंद्रों पर हुए लाखों के गड़बड़ झाले के मामले में सपा नेता राम कुमार उर्फ चिंकू यादव ने मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है। डुमरियागंज नगर स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय पर प्रेसवार्ता के दौरान चिंकू यादव ने कहा कि धानक्रय घोटाले में तहसील प्रशासन की भी बड़ी लापरवाही है। मामले में तहसील प्रशासन अपने को बचाने के लिए निर्दोषों को फंसा रही है। 3200 बीघा की फर्जी खतौनी दिखाकर जो खरीद हुई उन कागजातों का सत्यापन किसने किया। यूजर आईडी और पासवर्ड उपजिलाधिकारी के पास रहता है तो आखिर सत्यापन कैसे हुआ। कहा कि फर्जी कागजात तैयार करवाकर धान खरीदने वाला जालसाज क्षेत्रीय विधायक का बेहद करीबी है। विधायक का करीबी होने के कारण तहसील प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारी भी उससे मिलकर गरीब किसानों का धान औने पौने खरीद कर उसे सरकारी दाम में बेचवा कर धन का बंदरबांट किया है। मगर मामले में निष्पक्ष जांच न कर अनजान और गरीब लोगों पर मुकदमा दर्ज कर जिम्मेदारों ने अपना पल्ला झाड़ लिया है। मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए जिससे असली दोषी सजा पा सके। संवाद