भनवापुर। कंपोजिट विद्यालय भरवठिया बाजार में स्कूल परिसर में पिकअप खड़ी कर एमडीएम का खाद्यान लोड करते ग्रामीणों ने पकड़ा।
ग्राम प्रधान की सूचना पर पहुंचे नायब तहसीलदार महबूब आलम ने उपस्थित लोगों का बयान दर्ज कर खाद्यान सहित पिकअप को डुमरियागंज थाने पर कार्रवाई के लिए सुपुर्द कर दिया है। भनवापुर ब्लाॅक क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय में अतिरिक्त कक्ष का निर्माण कार्य चल रहा है। स्कूल परिसर में ही कुछ खाली कमरों में मिस्त्री, लेबर रहने के साथ ही सेटरिंग का सामान रखते हैं, जिसकी एक चाभी हेडमास्टर ने सेटरिंग के ठेकेदार को दे रखी है। बुधवार को क्रिसमस-डे की छुट्टी होने के कारण हेडमास्टर सूर्यवीर सिंह यादव कमरे पर थे। सेटरिंग के ठेकेदार की पिकअप में सुबह करीब साढ़े नौ बजे गांव के रोहित कन्नौजिया, रामानुज मिश्र, कृष्ण कुमार श्रीवास्तव, सरोज गुप्ता परशुराम दुबे, मुन्नीलाल कनौजिया ने स्कूल में काम करने वाले लेबरों को खाद्यान लोड करते हुए देखा।
ग्रामीणों के स्कूल परिसर में पहुंचते ही ठेकेदार महेंद्र चौहान फरार हो गया। इसकी सूचना ग्रामीणों ने प्रधान के साथ एसडीएम व खंड शिक्षा अधिकारी को दी। एसडीएम डॉ. संजीव दीक्षित के निर्देश पर नायब तहसीलदार महबूब आलम व खंड शिक्षा अधिकारी राजेश के निर्देश पर एमआईएस, आबिद रिजवी व लेखाकार शिवाजी कंपोजिट विद्यालय भरवठिया बाजार पहुंच कर मौके पर मौजूद लेबरों व ग्रामीणों का बयान दर्ज कर खाद्यान सहित पिकअप को डुमरियागंज थाने के सुपुर्द कर दिया।