पथरा। क्षेत्र स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया महोखवा शाखा में पिछले दो दिनों से नकदी संकट गहराने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बैंक पहुंचने वाले कई ग्राहक बिना पैसा निकाले ही वापस लौट रहे हैं।
ग्राहकों का कहना है कि शादी-विवाह के सीजन में अचानक कैश की कमी ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जरूरी घरेलू खर्च, इलाज और अन्य जरूरतों के लिए लोग बैंक पहुंच रहे हैं, लेकिन सीमित भुगतान के कारण उन्हें राहत नहीं मिल पा रही है। उपभोक्ता रामदीन, राम सिंह, इंद्रजीत और अशोक कुमार समेत अन्य लोगों ने बताया कि शाखा में केवल पांच हजार रुपये तक का ही भुगतान किया जा रहा है। भीषण गर्मी में घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद भी कई लोगों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
शाखा प्रबंधक राजन कुमार ने बताया कि शाखा में नकदी समाप्त होने के कारण निकासी कार्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि कैश उपलब्ध होते ही स्थिति सामान्य कर दी जाएगी।