संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 के लिए नियुक्त पीठासीन और मतदान अधिकारियों के प्रशिक्षण में दूसरे दिन दोनों पालियों में 2520 के सापेक्ष 51 अनुपस्थित रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी पवन अग्रवाल ने सभी के खिलाफ एफआईआर के साथ ही विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
सिद्धार्थ पब्लिक स्कूल करौंदा मसिना में गुरुवार को संपन्न प्रशिक्षण के दोनों पालियों में पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय और तृतीय में कुल 2520 कार्मिकों को शामिल होना था। इस दौरान 15 पीठासीन अधिकारी, सात मतदान अधिकारी प्रथम, 11 मतदान अधिकारी द्वितीय, 18 मतदान अधिकारी तृतीय अनुपस्थित रहे। इस दौरान डीएम पवन अग्रवाल ने प्रशिक्षण का जायजा लिया। मतदान अधिकारी कार्मिक एवं मुख्य विकास अधिकारी जयेंद्र कुमार ने मास्टर ट्रेनर को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण की गुणवत्ता को परखने के लिए बीच-बीच में कार्मिकों से सवाल-जवाब भी करते रहें। जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक नागेंद्र मोहन राम त्रिपाठी ने बताया कि प्रशिक्षण में अनुपस्थित कार्मिकों के विरुद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर डीसी एनआरएलएम योगेंद्र लाल भारती, प्रभारी डीआईओएस दयाशंकर यादव, बाल विकास परियोजना अधिकारी मो. अरशद भी उपस्थित थे।