सिद्धार्थनगर। तस्करी के जरिए यूरिया (खाद) नेपाल भेजने के आरोप में तीन आरोपियों पर केस दर्ज हुआ है। चार जनवरी को एसएसबी बजहा और पुलिस चौकी बजहा की टीम ने नेपाल सीमा से सटे मदरहना उर्फ रामनगर के टोला मटियरिया में तीन घरों पर छापा मारा था। मौके से 93 बोरी यूरिया बरामद किया गया था। कस्टम में यूरिया कब्जे में ले लिया था। जिला कृषि अधिकारी ने तस्करी से जुड़ा मामला होने के कारण तीनों के खिलाफ कपिलवस्तु कोतवाली में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत केस दर्ज कराया है। तीन लोगों पर केस दर्ज होने के बाद तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।
चार जनवरी को कपिलवस्तु कोतवाली क्षेत्र के मदरहना उर्फ रामनगर के टोला मटियरिया में एसएसबी 43वीं वाहिनी सीमा चौकी बजहा और बजहा पुलिस व कस्टम विभाग खुनुवां की संयुक्त टीम ने सूचना पर छापा मारकर तीन घरों में अवैध रूप से भंडारित 93 बोरी यूरिया बरामद किया था। इसमें जोगेंदर मल्लाह के घर से 33 बोरी, शिवपूजन के घर से 20 बोरी, रामप्रकाश यादव उर्फ छोटू 40 बोरी यूरिया अवैध रूप से बिना किसी अभिलेख के भंडारित किया गया था। अवैध रूप से भंडारित यूरिया को संयुक्त टीम ने जब्त कर कस्टम विभाग खुनुवां को सुपुर्द कर दिया गया।
जिला कृषि अधिकारी की ओर से सहायक विकास अधिकारी कृषि शोहरतगढ़ को उक्त प्रकरण की जांच के लिए जांच अधिकारी नामित करते हुए विधिवत जांच आख्या की मांग की गई। जिसके क्रम में उन्होंने अपनी जांच आख्या में बताया गया कि संबंधित व्यक्तियों के पास बहुत ही अल्प, नगण्य मात्रा में कृषि योग्य भूमि उपलब्ध है। इस प्रकार संबंधित व्यक्तियों द्वारा अपने रकबे में प्रयोग होने से बहुत अधिक मात्रा में यूरिया का अवैध भंडारण किया गया था। अवैध उर्वरक भंडारण, अवैध उर्वरक परिसंचरण तथा भारतीय अनुदानित यूरिया को अवैध रूप से नेपाल राष्ट्र को तस्करी करने के उद्देश्य से ऐसा कृत्य किया जा रहा था। इस मामले में जिला कृषि अधिकारी के तहरीर पर कपिलवस्तु कोतवाली की पुलिस ने तीन आरोपियों पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में एसओ कपिलवस्तु राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि मिले तहरीर के आधार पर केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
तस्करी के लिए अवैध खाद का भंडारण करने के मामले में तीन लोगों पर कपिलवस्तु कोतवाली में केस दर्ज करवाया गया है। अब जो भी अवैध रूप से यूरिया रखने के मामले में पकड़ा जाएगा, उसके खिलाफ केस दर्ज करवाया जाएगा।
-मुहम्मद मुज्जमिल, जिला कृषि अधिकारी