अस्पताल प्रबंधक सहित तीन पर मुकदमा
अवैध मेडिकल स्टोर का संचालन व अन्य मामलों में पुलिस ने दर्ज किया केस
नगर के दीप हॉस्पिटल पर बुधवार शाम प्रशासन ने मारा था छापा
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। शहर के दीप हॉस्पिटल अवैध रूप से मेडिकल स्टोर चलाने सहित अन्य अनियमितता मिलने के मामले में स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी ने अस्पताल प्रबंधक, जिला अस्पताल के एक चिकित्सक सहित तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जिला प्रशासन को शिकायत मिली थी कि नगर के दीप हास्पिटल एवं फ्रैक्चर क्लिनिक शिवाजीनगर में बिना वैध लाइसेंस के पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन और मेडिकल स्टोर संचालित किए जा रहे हैं। यहां जिला संयुक्त चिकित्सालय में नियुक्त चिकित्सक सर्जरी का कार्य कर रहा है। शिकायत पर बुधवार शाम सीएमओ डॉ. सीमा राय, एसडीएम सदर उमेश चंद निगम सहित पुलिस टीम ने छापा मारा था। इस दौरान बिना कागजात के मेडिकल स्टोर संचालित होते हुए पाया गया। अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालित होता हुआ मिला। जबकि अल्ट्रासाउंड करने के लिए कोई रेडियोलॉजिस्ट मौजूद नहीं मिला। एक चिकित्सक ऑपरेशन करते हुए पाए गए। मामले की गंभीरता के मद्देनजर अस्पताल को सील कर दिया गया था।
बृहस्पतिवार को डॉ. आरजी सिंह नोडल अधिकारी पीसीपीएनडीटी और कमलेश उपाध्याय प्रशासनिक अधिकारी सीएमओ दफ्तर की उपस्थिति में सदर थाने में तहरीर दी गई। उनकी तहरीर पर प्रबंधक दीप हॉस्पिटल एवं फ्रैक्चर क्लिनिक शिवाजीनगर, डॉ. सुरजीत यादव सर्जन संयुक्त जिला चिकित्सालय सिद्धार्थनगर और अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धारा में केस दर्ज करके मामले में जांच शुरू कर दी है। एसओ सदर राजेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर चिकित्सक, अस्पताल के प्रबंधक सहित एक अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धारा में केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी गई है।