सिद्धार्थनगर। शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के कोइरीडीहा गांव की नहर पर बृहस्पतिवार सुबह करीब छह बजे आठ लोगों ने दो व्यक्तियों को धारदार हथियार से मार-मार कर लहूलुहान कर दिया। उपचार के लिए उन्हें शोहरतगढ़ सीएचसी पहुंचाया गया। जहां पर उपचार करके जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने पीड़िता के तहरीर पर मामले में हत्या करने के प्रयास व मारपीट में मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन करने में जुट गई है।
कोइरीडीहा निवासी गोलू उर्फ राम अवतार ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उनके पिता रामानन्द और जीजा सूरज बृहस्पतिवार सुबह लगभग छह बजे बाइक से गांव के बगल से गुजरी बाणगंगा नहर के रास्ते से शोहरतगढ़ कस्बे के स्थित अपने होटल पर जा रहे थे। उसी दौरान गांव के प्रभु, छोटा, बहादुर, इंद्रेश, उदयराज, दिनेश, छोटई, बरसाती, निरहू, छोटे लाल, रिंकू और छोटे ने रास्ते पिता और जीजा रोककर लाठी-डंडा और धारदार हथियार से जान से मारने के नीयत से उन पर हमला कर दिया जिससे पिता का सिर फट गया। जीजा भी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इस संबंध में थानाध्यक्ष पंकज पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मारपीट में शामिल आठ लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया।