लोटन। प्रसूता की मौत के मामले में लोटन कोतवाली की पुलिस ने अस्पताल के प्रबंधक और डॉक्टर पर गैर इरादतन हत्या व मेडिकल अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है। सीएचसी अधीक्षक लोटन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की है। घटना होने के बाद से अस्पताल बंद है। जांच में प्रबंधक और इलाज करने वाले डॉक्टर का नाम सामने आएगा।
कोतवाली क्षेत्र के मैनहिया निवासी अर्जुन की पत्नी अंजनी का प्रसव के बाद लोटन कस्बे के स्टार हास्पिटल में 29 फरवरी को मौत हो गई थी। प्रसूता की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया और अस्पताल की जांच पड़ताल शुरू कर दिया। जांच के दौरान पाया गया कि अस्पताल पंजीकृत नहीं है। सीएमओ ने अस्पताल के खिलाफ तहरीर देकर केस दर्ज कराने के लिए अधीक्षक लोटन को आदेश दिया था।
सीएमओ के आदेश पर अधीक्षक डॉ. अमित चौधरी ने मंगलवार को पुलिस को तहरीर देकर अस्पताल पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग किया। मिले तहरीर के आधार पर बृहस्पतिवार को पुलिस हास्पिटल प्रबंधक और डॉक्टर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या, मेडिकल अधिनियम के तहत केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष लोटन विजय शंकर सिंह का कहना है कि अधीक्षक की तहरीर के मुताबिक मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच में दोषी पाए जाने वाले के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।