इटवा-डुमरियागंज मार्ग पर बेनीनगर गांव के पास हुआ हादसा
परिजनों के अनुरोध पर पुलिस ने शव का पंचनामा कर उन्हें सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
भनवापुर। डुमरियांगज-इटवा मार्ग पर बेनीनगर गांव के पास बृहस्पतिवार की रात सड़क किनारे खड़ी कंबाइन मशीन को अनियंत्रित कार ने जोरदार टक्कर मार दी। घटना में कार की सीट पर आगे बैठे युवक की मौत हो गई, जबकि चालक व कार में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के खम्हरिया गांव निवासी विपिन पांडेय (22) अपनी कार से थाना क्षेत्र के गांव गनवरिया बुजुर्ग पहुंचे और वहां से अपने दोस्तों मनोज कुमार गुप्ता (19), विक्रम (18) व श्याम सुंदर (17) के साथ करीब आठ बजे आर्केस्ट्रा देखने के लिए निकले। बदलिया चौराहे से होकर अभी वह डुमरियागंज-इटवा मार्ग पर बेनीनगर गांव के पास पहुंचे ही थे कि सड़क के दाहिने तरफ खड़ी कंंबाइन मशीन में कार घुस गई। कार की स्पीड अधिक होने से इतनी जोरदार टक्कर हुई कि उसके अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में आगे सीट पर बैठे गनवरिया बुजुर्ग गांव निवासी मनोज कुमार गुप्ता (19 साल) पुत्र राम नेवास गुप्ता की मौके पर मौत हो गई। जबकि कार चला रहे विपिन पांडेय (22) पुत्र लल्लू पांडेय और पीछे की सीट पर बैठे विक्रम व श्याम सुंदर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची इटवा पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजवाया। डॉक्टरों ने घायल विक्रम व श्याम सुंदर का इलाज करने के बाद घर भेज दिया जबकि चालक विपिन पांडेय की स्थिति गंभीर देखते हुए इलाज के लिए जिला अस्पताल बस्ती रेफर कर दिया।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार तिवारी ने बताया कि दुर्घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए सीएचसी भेजा गया और मृतक के शव को उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
पंचनामा कर शव परिजनों को सौंपा
हादसे में मृतक मनोज के शव को पुलिस पोस्टमार्टम के लिए भेज रही थी लेकिन परिजनों के अनुरोध पर पुलिस ने पंचनामा कर शव उन्हें सौंप दिया।
कार की तेज स्पीड से हुआ हादसा
इटवा थाना क्षेत्र के इटवा डुमरियागंज मार्ग पर बेनीनगर गांव के पास कार दुर्घटना में हल्की चोट से घायल 15 वर्षीय श्याम सुंदर ने बताया कि मैं पीछे सीट पर बैठा था,वहीं आगे सीट पर मनोज गुप्ता व विक्रम बैठा था। रफ्तार इतनी थी कि कार में लगा इयर बैग फट गया और हादसे के बाद स्पीड मीटर का कांटा 120 पर फंसा हुआ था।
जिला पंचायत सदस्य ने परिजनों को दिया सांत्वना
हादसे में गनवरिया बुजुर्ग गांव निवासी मृतक के घर पहुंचे जिला पंचायत सदस्य प्रदीप कसौधन ने पीड़ित परिजनों को सांत्वना दी। मृतक के पिता रामनेवास से कहा कि हर स्तर पर उनकी मदद की जाएगी।