खाई में गिरी कार, प्रधान के प्रतिनिधि की मौत
इटवा थानाक्षेत्र के नबेलवा गांव के पास देर रात हुआ हादसा
त्रिलोकपुर थानाक्षेत्र के सरोथर कठौतिया का निवासी था सनोज
संवाद न्यूज एजेंसी
मन्नीजोत। इटवा थानाक्षेत्र के नबेलवा गांव में गांव के पास मंगलवार देर रात मांगलिक कार्यक्रम से लौट रहे त्रिलोकपुर थानाक्षेत्र के सरोथर कठौतिया गांव निवासी प्रधान प्रतिनिधि की कार बेकाबू होकर खाई में चली गई। हादसे में उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी से कार को बाहर निकलवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
त्रिलोकपुर थानाक्षेत्र के सरोथर कठौतिया गांव निवासी प्रधान प्रतिनिधि सनोज जायसवाल (30) पुत्र परमात्मा मंगलवार को गांव निवासी जाफर की कार लेकर एक शादी समारोह में भारतभारी गया था। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद रात 12 बजे वह लौट रहा था। अभी इटवा थानाक्षेत्र के बदलिया भनवापुर मार्ग पर नबेलवा और भनवापुर के बीच पहुंचा ही था कि कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराकर खाई में चली गई। बुधवार सुबह भनवापुर के ग्राम प्रधान योगेंद्र दुबे घूमने निकले थे। उन्होंने देखा की एक कार खाई में पड़ी है। करीब जाकर देखा तो पता चला कि सरोथर कठौतिया गांव के प्रधान के प्रतिनिधि सनोज जायसवाल हैं और उसकी मौत हो चुकी है। सनोज जायसवाल की हादसे में मौत की खबर क्षेत्र में फैलते ही लोग घटनास्थल पर पहुंचने लगे। मौके पर पहुंचे विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह, एसडीएम डुमरियागंज त्रिभुवन, लवकुश ओझा, थानाध्यक्ष डुमरियागंज केडी सिंह, थानाध्यक्ष इटवा वेदप्रकाश श्रीवास्तव ने जेसीबी मशीन से कार को खाई से बाहर निकलवाया। सनोज पांच भाइयों में दूसरे नंबर पर था। सनोज के पास दो साल का बेटा है। हादसे के बाद पत्नी और मां ग्राम प्रधान राधा देवी का रो-रोकर बुरा हाल हैं। थानाध्यक्ष इटवा वेदप्रकाश श्रीवास्तव ने बताया की लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, वहां से आने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
भीड़ में पापा को खोज रही थीं आंखें
सड़क दुर्घटना में मृत सनोज जायसवाल का दो साल का बेटा आदित्य उर्फ पवन जायसवाल को यह पता नहीं कि अब उसके पापा इस दुनिया में नहीं हैं। घर पर जुटी भीड़ तो बीच में आदित्य की निगाहें अपने पापा को तलाश रही थीं। आदित्य को देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। सनोज ने समाज में एक अलग ही पहचान बना रखी थी। धार्मिक और सामाजिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता था।