सिद्धार्थनगर। निकाय चुनाव में अध्यक्ष व सभासद पद के लिए नामांकन करने वाले उम्मीदवारों को मंगलवार को चुनाव चिह्न आवंटित कर दिए गए। दलीय उम्मीदवारों को पार्टी का अधिकृत निशान दिया गया है, जबकि निर्दलियों को उनकी प्राथमिकता के आधार पर चिह्न आवंटित हुए हैं। चुनाव चिह्न आवंटन के साथ ही निकाय चुनाव में प्रचार अभियान ने जोर पकड़ लिया है। पूरे दम-खम के साथ उम्मीदवार चुनावी मैदान में कूद पड़े हैं।
सदर तहसील में चुनाव चिह्न आवंटन के दौरान सिद्धार्थनगर नगर पालिका व उसका बाजार नगर पंचायत के उम्मीदवारों की भीड़ लगी रही। वार्ड वार बने अलग-अलग काउंटरों पर उम्मीदवार घंटों कतार में लगे रहे। नगर पालिका में अध्यक्ष के 12 व सभासद के 136 उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटित हुए। भाजपा के श्याम बिहारी को कमल, सपा के संजय कसौधन को साइकिल, बसपा के मोल्हू को हाथी, कांग्रेस के मनौवर को पंजा, आप के अनिल को झाड़ू, कन्हैया को छड़ी, निर्दलीय घनश्याम को नल, फौजिया को खजूर का पेड़, महेंद्र मणि को रेल का इंजन चुनाव चिह्न आवंटित हुआ। उसका में भाजपा की अध्यक्ष उम्मीदवार मंजू को कमल, सपा के पुनीता को साइकिल, बसपा की रंजना को हाथी, बिंदकली को पंजा, बच्ची देवी को चक्र, अनुपमा को सितारा चुनाव चिह्न आवंटित हुआ।
उधर, शोहरतगढ़ में एसडीएम सत्यप्रकाश सिंह ने अध्यक्ष पद के बसपा प्रत्याशी अशफाक को हाथी, इजहार को पतंग, सपा के केसरी प्रसाद को साइकिल, भाजपा से बबिता कसौधन को कमल का फूल, निर्दल प्रत्याशी अनूप को पानी का जहाज, ज्ञानचंद को गदा, पिंटू गौड़ को जीप, फूलचंद को सैनिक, शिवप्रसाद को शंख का चिह्न आवंटित किया। बढ़नी नगर पंचायत में अध्यक्ष के उम्मीदवार अश्वनी कुमार को हाथ का पंजा, सपा के रामनरेश उपाध्याय को साइकिल, बसपा की लक्ष्मी देवी को हाथी, भाजपा के सुनील गुप्ता को कमल का फूल, निर्दल प्रत्याशी मोहम्मद इब्राहिम को हल, चंद्रावती को रिक्शा, निसार अहमद को लड़का-लड़की, नीलम उपाध्याय को चक्र, बिंदू सिंह को शंख, विजय को पंखा, सतीश चंद शर्मा को जीप का चुनाव चिह्न मिला।