पथरा बाजार साधन सहकारी समिति पर लगी किसानों की कतार
सिद्धार्थनगर। गेहूं की बुवाई के बीच डीएपी की किल्लत ने किसानों की मुसीबत बढ़ा दी है। एक-एक बोरी के लिए किसान समितियों पर पूरे दिन गुजर दे रहे हैं। इसके बाद भी उन्हें खाद नसीब नहीं हो रहा है और निराश होकर लौट रहे हैं। बुधवार को जिले में समितियों की पड़ताल की गई तो पता चला कि मांग के अनुसार आपूर्ति न होने से परेशानी हो रही है।
नौगढ़, बांसी, शोहरतगढ़ क्षेत्र में समितियों पर खाद के लिए मारामारी की तस्वीर सामने आई। यहां किसान स्थानीय तंत्र को कोसते हुए नजर आए। खाद की जरूरत एक हजार बोरी की है और आवंटन 300 बोरी हो रही है। ऐसे में समस्या खड़ी हो रही है। वहीं, खाद के संकट को देखते हुए अधिकारी फिल्ड में उतर गए हैं और स्टाॅक की जांच कर रहे हैं कि कहीं कोई गड़बड़ी तो नहीं की जा रही है। डीएम डॉ. राजा गणति आर ने मंगलवार को पथरा, सीडीओ जयेंद्र कुमार, और उपकृषि निदेशक और जिला कृषि अधिकारी समितियों पर पहुंचकर जांच शुरू कर दिए हैं।