कंबाइन की चपेट में आने से बच्चे की मौत
घोसियारी। खेसरहा थानाक्षेत्र की कुर्थिया चौकी के अंतर्गत ग्राम भालुहा खदरगड्डी निवासी चंद्रभान प्रजापति के तीन वर्षीय बेटे आदित्य उर्फ कल्लू की रविवार दोपहर कंबाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार चंद्रभान रविवार को अपने खेत की फसल काट कर ढुलाई करवा रहे थे। इस दौरान आदित्य खेलते हुए दूसरे खेत में चला गया जहां कंबाइन फसल काट रही थी। फसल कटाई और ढुलाई में व्यस्त परिवार के सदस्य बच्चे को देख नहीं सके। इस दौरान आदित्य कंबाइन की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। खेसरहा थाना प्रभारी प्रदीप सिंह व चौकी इंचार्ज राजेश तिवारी ने बताया कंबाइन को कब्जे में ले लिया गया है, परिजनों की तहरीर पर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।