बीएसए कार्यालय लिपिक पर धोखाधड़ी व धमकी का केस
सहायक अध्यापिका ने डीजीपी को भेजी थी शिकायती पत्र
अमर उजाला ब्यूरो
बांसी (सिद्धार्थनगर)। प्राथमिक विद्यालय बड़हरा की सहायक शिक्षिका ने बीएसए कार्यालय के लिपिक आनंद प्रकाश श्रीवास्तव पर धोखाधड़ी करने और धमकी देने का आरोप लगाते हुए बांसी थाने में केस दर्ज कराया है। बांसी पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
बांसी ब्लॉक के बड़हरा प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापिका अंकिता यादव के अनुसार सात जुलाई की शाम उसके मोबाइल पर फोन आया। कॉल करने वाले ने परिचय बीएसए कार्यालय का लिपिक आनंद प्रकाश दिया। मोबाइल पर धमकी दी कि उनका नाम एसआईटी जांच में आ गया है और सभी पत्रावली लेकर बीएसए कार्यालय में उससे मिलने को कहा। शिक्षिका का आरोप है कि लिपिक ने धमकी देकर उसका मानसिक उत्पीड़न किया। पीड़िता ने इसकी शिकायत डीजीपी कार्यालय में की थी। डीजीपी कार्यालय के निर्देश पर शनिवार को पुलिस ने पीड़िता की शिकायत दर्ज की। बांसी कोतवाल शैलेश कुमार सिंह ने कहा कि मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना की जा रही है।