इटवा। केंद्रीय राज्य मंत्री रामकृपाल यादव के नेतृत्व में भाजपा की परिवर्तन यात्रा रविवार को इटवा पहुंची। बांसी रोड स्थित टैक्सी स्टैंड के मैदान में हुई जनसभा में उन्होंने पीएम मोदी के सपनों को साझा किया। दावा किया कि वर्ष 2022 तक देश के हर गरीब के पास अपना मकान होगा। 25 वर्ग मीटर वाले इस मकान में रसोई गैस, सोलर लाइट, शौचालय सहित हर सुविधा होगी।
सभा में उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने गरीबी को जिया है और वह इस दर्द को बखूबी महसूस करते हैं। उनकी हर नीति गरीबों के लिए है। उनकी नीतियों का ही असर है कि अमेरिका के राष्ट्रपति के उम्मीदवार को भी उसे नजीर बनानी पड़ी। उन्होंने कहा कि केंद्र यूपी का सर्वांगीण विकास चाहती है, लेकिन प्रदेश सरकार इसमें सबसे बड़ी बाधा है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी ने कहा कि यह यात्रा प्रदेश में सत्ता के बदलाव की यात्रा है। उपेंद्रदत्त शुक्ला ने कहा कि आज देश में पहली बार विकास के लिए समर्पित सरकार केंद्र में आई है।
सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि आज विकास के नाम पर वोट मांगने वाले इटवा के विधायक माता प्रसाद पांडेय के नेता व सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव के भिलौरी में चीनी मिल के लिए लगाए गए पत्थर का आज अता-पता नहीं है। परिवर्तन यात्रा में सतीश चंद्र द्विवेदी, स्वंयवर चौधरी, आनंद स्वरूप मिश्र, हरिशंकर सिंह, दिलीप, राम सागर चौधरी, माधव यादव, रामबरन यादव, गिरीश चौबे, शैलेश पाठक, दल सिंगार दुबे, राजेंद्र दुबे ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रामकुमार कुंवर व संचालन केशभान राय ने किया। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य सुजाता सिंह, सुधा चौधरी, राम निवास उपाध्याय, बाल मुकुंद पांडेय, शिवकुमार वर्मा भी रहे।