-जिले के अभ्यर्थियों का पांच जिलों में गया है सेंटर
-छात्रों की बेहतर सुविधा के लिए चलाई जाएंगी 30 स्पेशल बसें
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा की सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। अभ्यर्थियों को दो घंटे पहले सुबह नौ बजे परीक्षा केंद्र में पहुंचना है, ऐसे में उन्हें आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत दिलाने के लिए रोडवेज बस की विशेष सुविधा उपलब्ध कराएगा। रद्द होने के कारण अब फिर से हो रही ये परीक्षा सीसीटीवी और जैमर की कड़ी निगरानी में आयोजित की जाएगी।
यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों को इस यात्रा के लिए टिकट भी नहीं खरीदना पड़ेगा। अभ्यर्थी परिवहन निगम की बसों में मुफ्त सफर कर पाएंगे। उन्हें परिवहन निगम ने बड़ी सुविधा दी है। परीक्षा की घोषित तिथियों में अभ्यर्थियों को बस में सफर करने पर किराया नहीं देना पड़ेगा। वे प्रवेश पत्र दिखाकर रोडवेज बसों में मुफ्त में सफर कर केंद्र तक पहुंचेंगे। जिले के अभ्यर्थियों को 22 से 26 अगस्त तक निशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी।
जिले से पांच जिलों के लिए 30 बसेें चलाईं जाएंगी। इससे अभ्यर्थी को सेंटर तक पहुंचने में परेशानी नहीं होगी। जिले से गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, बलरामपुर व अयोध्या के लिए बसों का संचालन होगा।
बोले अभ्यर्थी
जिले में सेंटर नहीं बनने से परेशानी बढ़ी थी, लेकिन रोडवेज बसों के संचालन से सुविधा मिलेगी। परीक्षा के लिए मैंने अच्छी तैयारी की है।
-अनुष्का पांडेय, अभ्यर्थी
रोडवेज की ओर से स्पेशल बसों के चलने से सेंटर तक पहुंचने में परेशानी कम होगी, जबकि किराया नहीं लगने से अभ्यर्थियों को सहूलियत मिलेगी। यह अच्छी पहल है।
-ओमकार मिश्रा, अभ्यर्थी
-
वर्जन
परिवहन निगम से स्पेशल बस चलाने के निर्देश मिले हैं। अभ्यर्थियों को मुफ्त यात्रा भी कराई जाएगी। यह व्यवस्था 22 अगस्त से 26 अगस्त तक चलेगी।
-वीके गंगवार, एआरएम