बांसी। स्थानीय तहसील क्षेत्र के भुजराई गांव में तालाब पर किए गए अवैध कब्जे को तहसील प्रशासन ने सोमवार को जेसीबी चलाकर हटा दिया है। तालाब पाटकर निर्माण कर लिया गया था। शिकायत सामने आने के बाद टीम गठित हुई और कब्जे पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाने की कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के भुजराई गांव में तालाब को पाटकर कुछ लोगों ने स्थाई निर्माण कर लिया था। इस मामले में शिकायत होने के साथ ही मामला तहसीलदार न्यायालय में चल रहा था। मामले में बेदखली का आदेश हुआ। इसके बाद प्रशासन की ओर से कब्जा हटाने के लिए टीम बनाई गई।
नायब तहसीलदार चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव की अगुवाई वाली टीम जेसीबी के साथ गांव में पहुंची, जिससे हलचल मच गई। देखते ही देखते सभी चिह्नित स्थलांे पर बुलडोजर की कार्रवाई शुरु हुई और कुछ ही घंटों में अवैध निर्माण को जमींदोज कर दिया गया।