कपिलवस्तु क्षेत्र केे बर्डपुर नंबर-9 हथिहवा में बुद्ध प्रदेश निर्माण व विकास मंच की ओर से खुले में शौच मुक्त बुद्ध भूमि अभियान चलाया गया। इस दौरान प्राथमिक विद्यालय में शौचालय निर्माण के लिए शिलान्यास किया गया।
मंच के कर्यकर्ताओं ने बुद्ध भूमि कपिलवस्तु के आसपास के गांवों को आदर्श बनाने के लिए गांवों के समग्र विकास का अभियान शुरू कर दिया है। मंच के इस प्रयास में क्षेत्रीय लोगों का भी काफी सहयोग मिल रहा है। इस प्रयास को देखते हुए बर्डपुर वार्ड नं. 9 के प्रधान प्रतिनिधि ओमप्रकाश यादव ने गांव के सभी पात्र व्यक्तियों को शौचालय दिलाने का आश्वासन दिया।
मंच के संस्थापक भुनेश्वर शर्मा ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि जनता के हक की लड़ाई में पूरा सहयोग रहेगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को मिलने वाली सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा, जिससे आदर्श गांव बनने का सपना पूरा हो सके।
खुले में शौच न करने का आह्वान करते हुए शौचालय के प्रयोग करने के लिए जागरूक किया। इस दौरान ग्राम पंचायत अधिकारी विजय मिश्रा, नसीम अहमद, कैलाशी देवी, प्रमिला देवी, दुर्गेश पांडेय, सर्वजीत चौधरी, दीपक मिश्रा, लालू, मुराती देवी, योगेंद्र चौधरी आदि मौजूद रहे।