सिद्धार्थनगर। महात्मा बुद्ध के अपमान पर कार्रवाई के लिए आंदोलन की तैयारी है। भारतीय बौद्ध महासभा ने रविवार बैठक कर निंदा प्रस्ताव पास कर लड़ाई का बिगुल फूंक दिया है। मंगलवार से कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन पर सहमति बनी है। बेलहिया चौराहे पर रविवार भारतीय बौद्ध महासभा व बुद्ध संगठन से जुड़े लोगों की बैठक हुई। बैठक को संबोधित करते हुए प्रांतीय उपाध्यक्ष दुष्यंतराम बौद्ध ने कहा कि प्रशासन ने जूता पहनकर भगवान को माला चढ़ाया इस प्रकरण में कार्रवाई होने की जगह लीपापोती का प्रयास किया जा रहा है।
संगठन ने प्रदेश शासन और चुनाव आयोग को प्रकरण से अवगत कराया बावजूद इसके प्रशासनिक अधिकारियों पर कार्रवाई न होना दुखद है। उन्होंने कहा कि बुद्ध के अपमान पर वह चुप नहीं बैंठेंगे। बौद्ध महासम्मेलन में भी यह मुद्दा उठाया गया है जिसमें न्यायालय तक जाने पर सहमति बनी है। पन्नूराम बौद्ध ने कहा कि मंगलवार से प्रशासन के खिलाफ कलेक्ट्रेट परिसर में धरना प्रदर्शन होगा जो कार्रवाई न होने तक जारी रहेगा।
हमारी धार्मिकता को ठेस पहुंचाने वाले अधिकारियों की जिले को जरूरत नहीं है क्योंकि भगवान बुद्ध के कारण ही इस जनपद का सृजन हुआ। दोषी अधिकारियों को तत्काल जिले से बाहर भेजा जाए। बैठक की अध्यक्ष महासभा के अध्यक्ष मनीराम बौद्ध ने की इस अवसर पर सुन्नू प्रसाद, सुरेंद्र जाटव, मातादीन, उमेश चंद्र, शिवबालक, सिद्धार्थ गौतम, रामआसरे, रवींद्र जाटव आदि मौजूद रहे।