क्षेत्र के जबजौवा स्थित डिग्री कॉलेज पर बुधवार को बसपा की डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र इकाई का एक दिवसीय कैडर कैंप का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व एमएलसी लालचंद्र निषाद शामिल हुए। कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर बसपा की सरकार बनाने का आह्वान किया गया।
कैंप को संबोधित करते हुए लालचंद्र निषाद ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जब से सपा की सरकार बनी है, तभी से दलित उत्पीड़न, बलात्कार, भ्रष्टाचार की घटनाओं में तेजी से इजाफा हुआ है। चारों तरफ अराजकता का माहौल है। सरेआम लूट और सामूहिक दुष्कर्म की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। शासन-प्रशासन के जिम्मेदार मौज काट रहे हैं। लोगों को पूर्ववर्ती बसपा सरकार की याद आ रही है। जनता को अहसास हो चुका है कि अपराध और भ्रष्टाचार से बसपा ही मुक्ति दिलाएगी। आगामी विधानसभा चुनाव में आम जनमानस बसपा को सरकार बनाने में अपना सहयोग देगी। अध्यक्षीय संबोधन में जिलाध्यक्ष शेखर आजाद ने कहा कि एक-एक विधानसभा सीट निकलेगी तभी बसपा सुप्रीमो मुख्यमंत्री बन सकेंगी। डुमरियागंज की बसपा प्रभारी सैय्यदा खातून ने कहा कि कार्यकर्ता व पदाधिकारी अभी से चुनाव की तैयारी में जुट जाएं। कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर पूर्ववर्ती बसपा सरकार की उपलब्धियों और बसपा सुप्रीमो के संदेश को पहुंचाएं। कैंप में बच्चाराम बौद्ध, रंजीत गौतम, जहीर मलिक, अकबाल मलिक, अयूब अहमद उर्फ चिन्ने, मायाराम पांडेय, प्रकाश गौतम, मदन चौधरी, विष्णु ओझा, अनिल कुमार गौतम, अजय चौधरी, मलिक फुजैल अहमद आदि मौजूद रहे।