अपने पैत्रिक गांव गुजरौलिया में पुराने साथियों के साथ राज्यसभा सदस्य बृजलाल।
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
बृजलाल ने ली राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ, जिले में खुशी
चिल्हिया थानांतर्गत गुजरौलिया के निवासी हैं बृजलाल
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। प्रदेश में पुलिस महानिरीक्षक रह चुके बृजलाल ने सोमवार को राज्यसभा सदस्य पद की शपथ ली। उनके राज्यसभा में जाने और शपथ ग्रहण की जनपदवासियों में खुशी है।
पूर्व डीजीपी बृजलाल गुजरौलिया गांव के निवासी हैं। एक किसान परिवार में पैदा होकर उन्होंने पुलिस अफसर से लेकर राजनीति के इस ओहदे तक का लंबा सफर तय किया। बतौर पुलिस अफसर उनकी बहादुरी के किस्से अनेक हैं, अब राजनीति उनकी दूसरी पारी है। यूपी के डीजीपी पद से अवकाश ग्रहण करते ही उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। बीजेपी में बृजलाल एक ऐसा दलित चेहरा हैं जिसकी काट न तो सपा के पास और न ही बसपा के पास। कांग्रेस भी ऐसे चेहरे से महरूम है। बृजलाल की खास बात यह है कि पुलिस अफसर रहते हुए भी इन्होंने अपने सहपाठियों को नहीं भूला। वे जब भी गांव आते तो वे गंवई होकर ही रहते। वहीं पुराने सहपाठी, किसान, मजदूर आदि इनके संगी-साथी होते। उनकी यही सादगी ही उन्हें औरों से अलग और सरल बनाती है। भाजपा जब यूपी में सत्ता में आई और योगी आदित्यनाथ सीएम हुए तो बृजलाल को एससीएसटी कमीशन का चेयरमैन बनाकर दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री के रूप में स्थापित किया। भाजपा के दिग्गजों की मानें तो बृजलाल को भविष्य में पार्टी के अनुसूचित चेहरे के तौर पर पेश कर पिछड़े और अनुसूचित तबके में पैठ बनाई जाएगी।