सिद्धार्थनगर। मदरसा बोर्ड की ओर से संचालित होने वाले जनपद के 16 अनुदानित मदरसों की जांच पर ब्रेक लग गया है। शासन की ओर से जांच करने के आदेश के बाद शिक्षकों की योग्यता के साथ वित्तीय जांच शुरू हुई थी। लेकिन मदरसा बोर्ड की परीक्षा को देखते हुए फरवरी माह के अंत तक जांच कर रिपोर्ट देगी। जांच पर ब्रेक लगने के पीछे मदरसा बोर्ड की परीक्षा बताया जा रहा है।
जिले में 16 ऐसे मदरसे संचालित हो रहे हैं, जहां शासन की ओर से शिक्षकों को वेतन, मिड डे मिल और बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से किताबें दी जाती हैं। शासन ने गड़बड़ी के संदेह को देखते हुए जिला अल्पसंख्यक अधिकारी को जांच करने के निर्देश दिए थे। इसमें कमेटी बनी थी, जो तैनात किए गए शिक्षकों की योग्यता, भुगतान होने वाले वेतन, मिड डे मिल आदि की जांच शुरू की थी।
इसी बीच मदरसा बोर्ड की परीक्षा शुरू हो गई। इसको देखते हुए शासन की ओर से जांच पर ब्रेक लगा दिया गया है। अगर जांच पूरी हुई होती तो 31 दिसंबर को रिपोर्ट शासन को भेजा जाता। इस संबंध में अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी तन्मय पांडेय ने बताया कि जांच अभी रुकी हुई है। परीक्षा के बाद जांच करके रिपोर्ट भेजी जाएगी।