आज से 18 साल से अधिक उम्र वालों को लगेगा बूस्टर डोज
- जिले में 18 वर्ष से अधिक के 17 लाख लोगों को लग चुका है दोनों डोज
- कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए चलेगा ढाई माह का विशेष अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। कोरोना संक्रमण को मात देने के लिए अब 18 से 59 साल के लोगों को बूस्टर डोज लगाया जाएगा। इसके लिए ढाई माह का विशेष अभियान चलेगा।
हालांकि टीका उन्हीं लोगों को लगेगा जो छह माह पूर्व टीका लगवाएं हैं। बता दें कि जनपद में 17 लाख लोगों ने कोरोनारोधी टीके का दोनों डोज लगवाया है। आज से बूस्टर डोज लगाया जाएगा।
कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए शासन ने 18 वर्ष की आयु के ऊपर के लोगों को बूस्टर डोज देने की पहल की है। यह पहले रुपये देकर लगवाना पड़ रहा था, लेकिन अब इसे सरकार ने निशुल्क सरकारी अस्पतालों पर लगवाने की पहल की है।
जिले में 30 सितंबर तक टीकाकरण का विशेष अभियान चलाया जाएगा। ढाई माह तक चलने वाले अभियान में 18 से 59 वर्ष की आयु के लोग टीका लगवा सकेंगे। इस आयु वर्ग के लगभग 17 लाख लोग हैं जो पहला और दूसरा डोज लगवा चुके हैं और उनका छह माह का वक्त बीत चुका है। इन 17 लाख में लगभग छह लाख युवा हैं, जिनकी उम्र 18-30 वर्ष के बीच में है। बूस्टर डोज लगाने के लिए विभागीय कवायद शुरू कर दी गई है।
---
कोरोनारोधी टीका लोगों को लगाया जा रहा है। बूस्टर डोज लगाने का आदेश हुआ है, जिसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। आज से 18-59 वर्ष की आयु वर्ग के लोग बूस्टर डोज लगवा सकेंगे। ढाई माह तक विशेष अभियान चलेगा।
- समीर सिंह, महामारी रोग विशेषज्ञ, सिद्धार्थनगर