सिद्धार्थनगर। खेसरहा थाना क्षेत्र के बांसी-धानी मार्ग पर स्थित पेड़ारी बुजुर्ग चौराहे के पास रविवार दोपहर बोलेरो ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे खेसरहा सीएचसी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
महराजगंज जनपद के धानी बाजार के सिकंदरा गांव निवासी संतोष तिवारी अपने बहनोई पेड़ारी बुजुर्ग निवासी सतेंद्र पांडेय से मिलने आ रहे थे। वह सिद्धार्थनगर जिले के खेसरहा पेड़ारी चौराहे पर पहुंचे थे कि अचानक बांसी की तरफ से तेज रफ्तार बोलेरो ने संतोष को ठोकर मार दी। जिससे संतोष बाइक लेकर गिर पड़े और जख्मी हो गए। लीलावती देवी महिला महाविद्यालय पेड़ारी बुजुर्ग के प्रबंधक वेद प्रकाश पांडेय ने एंबुलेंस डायल-108 पर कॉल कर संतोष तिवारी को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय भेजवाया। इस संबंध में सकारपार चौकी प्रभारी रमेश कुमार साहनी ने बताया घटना की जानकारी मिली है। लेकिन इस संबंध में कोई तहरीर अभी नहीं मिली है।