लोटन। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के खीरीडीहा गांव निवासी मनीषा (13) की संदिग्ध हाल में बुधवार को मौत हो गई। घर के कमरे में कुंडे से दुपट्टा के सहारे उसका शव लटका मिला है। पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। खीरीडीहा गांव निवासी मनीषा के पिता शिवकुमार व मां संजू ग्राम महतनिया, थाना-लुंबनी, नेपाल के निवासी हैं। दोनों रोजी रोटी के लिए दो साल पहले मद्रास गए हैं। अपनी दो लड़कियों मनीषा व सरिता को लोटन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खीरीडीहा उसके नाना राजाराम के पास छोड़कर गए हैं। दोनों बहनें यहीं पढ़ लिख रही थीं। वह कक्षा पांच की छात्रा थी। मनीषा के नाना ने बताया कि मैं खेत गया था और बड़ी बहन सरिता बकरी चराने गई थी। बकरी चराकर वह घर आई और फ्रिज से पानी लेने गई। तो देखा कि उसकी छोटी बहन फंदे से लटकी हुई है।
उसने इसकी सूचना नाना राजाराम को व कुछ गांव वालों को दी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस व फॉरेंसिक टीम पहुंच कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के नाना ने थाने पर उसी गांव के एक व्यक्ति के खिलाफ नामजद तहरीर देते हुए कहा कि मेरी नतनी को प्रताड़ित व अभद्रता करता था। एसओ हरिओम कुशवाहा ने बताया कि घटना की जानकारी है। मृतका के नाना की तरफ से तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।