बिस्कोहर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के मुड़ीला मिश्र गांव के सेमराडीह टोले से दो दिन से लापता सात वर्षीय बालक का शव शनिवार सुबह गांव के पश्चिम स्थित तालाब में उतराया मिला। बालक की तलाश में जुटे परिजन को शव मिलने की सूचना मिली तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव निवासी अशोक कश्यप का सात वर्षीय बेटा आदित्य 26 नवंबर को घर से मां के पास खेत जाने के लिए निकला था। उसकी मां खेत में लहसुन की बोआई कर रही थी। काफी देर तक आदित्य के खेत नहीं पहुंचने पर परिजन ने उसकी तलाश शुरू की लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इसके बाद ग्रामीणों ने तालाब में जाल डालकर भी खोजबीन की थी।
शुक्रवार को बालक के बड़े भाई रवि कश्यप ने उपजिलाधिकारी इटवा को प्रार्थना पत्र देकर भाई की तलाश कराने की मांग की थी। शनिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे ग्रामीणों ने तालाब में शव उतराया देखा। इसकी सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गए।
चौकी प्रभारी बिस्कोहर सुरेश यादव ने बताया कि बालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।