शोहरतगढ़। सीमा से सटे नेपाल के कपिलवस्तु में बाणगंगा में आई अचानक बाढ़ के दौरान लापता हुए 10 वर्षीय बालक का शव रविवार को भारतीय सीमा में बगुलहवा गांव के पास राप्ती कैनाल में मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नेपाल की पुलिस व परिजन की मौजूदगी में शव की पहचान बाणगंगा नगरपालिका-8 निवासी बुद्ध लामा उर्फ रियाज लामा (10) पुत्र रन बहादुर लामा के रूप की है। इसके बाद लिखापढ़ी करके नेपाल की मर्यादपुर पुलिस को पोस्टमार्टम के लिए सौंप दिया है।
कपिलवस्तु में बाणगंगा नदी में आई अचानक बाढ़ के दौरान 10 साल के बुद्ध लामा उर्फ रियाज लामा लापता हो गया। उसकी तलाश में नेपाल पुलिस और स्थानीय स्तर पर खोजबीन कर रही थी। रविवार सुबह नेपाल-भारत सीमा से लगभग तीन किलोमीटर दूर भारतीय क्षेत्र में स्थित बगुलहवा गांव के सामने बाणगंगा से निकली राप्ती नहर के बैराज के फाटक के पास उतराता उसका शव बरामद हुआ।
नेपाल के कपिलवस्तु थाना नायब उपनिरीक्षक रिपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि भारतीय क्षेत्र में शव मिलने की जानकारी के बाद दोनों देशों की पुलिस के बीच आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद शव नेपाल लाया गया है।