संवाद न्यूज एजेंसी
भनवापुर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के उजैनियां गांव में सोमवार की सुबह गांव निवासी एक व्यक्ति की घर से कुछ ही दूरी पर खेत में लाश मिली। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर परिवार के सुपुर्द कर दिया है। मृतक बाजार से सामान लेने की बात कहकर भडरिया चौराहे के लिए निकला था।
लाश के खेत में मिलने और कान से खून निकलना सामने आया है। मृतक के भाई ने इन परिस्थितियों को देखते हुए हत्या की आशंका जाहिर करते हुए जांच की मांग की है। पुलिस को कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र के उजैनियां गांव निवासी उदयराज चौरसिया ने त्रिलोकपुर पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका छोटा भाई बृजभान चौरसिया (48) रविवार को शाम करीब साढ़े चार बजे क्षेत्र के भंड़रिया चौराहे पर जरूरी सामान लेने गए थे। देर रात जब वह नहीं लौटे तो लगा देर सबेर आ जाएंगे।
सोमवार को सुबह करीब छह बजे घर के पूरब करीब डेढ़ सौ मीटर दूर आलू के खेत में उनका शव मिला। उदयराज चौरसिया ने तहरीर में बताया कि मृतक के कान से खून का आना, मोबाइल फोन का गायब होना, साथ ही शरीर पर कुछ चोट दिखी है, जो हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं।
वहीं, मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई थी, और लाश का पोस्टमार्टम करवाया और परिजनों के सुपुर्द कर दी। मौत के बाद से परिवार के लोगों का रो- रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में थानाध्यक्ष त्रिलोकपुर चंद्रकांत पांडेय ने बताया कि तहरीर मिली है, पुलिस जांच कर रही है, पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।