सिद्धार्थनगर। निकाय चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया जिले में शनिवार से शुरू होगी। छह निकायों में अध्यक्ष व सभासद पद के लिए संबंधित तहसील कार्यालयों में बने काउंटर पर उम्मीदवार नामांकन पत्र जमा करेंगे। इसे लेकर शुक्रवार को तैयारियां जोरों पर रही। नामांकन स्थल पर बैरिकेटिंग कर अलग-अलग वार्डों के लिए रास्ता बनाने का क्रम जारी रहा तो सुरक्षा बलों को भी मुस्तैदी से ड्यूटी संभालने की हिदायतें दी गई। डीएम-एसपी ने नामांकन स्थल का जायजा लिया।
सकुशल नामांकन प्रक्रिया कराने के लिए चुनाव अधिकारियों को निर्देश दिए।
जिले की छह निकायों में तीसरे चरण के लिए मतदान 29 नवंबर को होगा। इसके लिए शुक्रवार को अधिसूचना जारी कर दी गई। निकाय स्तर पर शुक्रवार को चुनाव अधिकारी अधिसूचना प्रकाशित करेंगे, इसके साथ ही नामांकन का क्रम शुरू हो जाएगा। सदर नगर पालिका व उसका बाजार नगर पंचायत के लिए नामांकन सदर तहसील में होगा। अध्यक्ष व सभासद पद के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं। हर पांच वार्ड के लिए अलग काउंटर बना है।
शोहरतगढ़ व बढ़नी नगर पंचायत के नामांकन की प्रक्रिया शोहरतगढ़ तहसील कार्यालय में पूरी की जाएगी। वहीं बांसी नगर पालिका के लिए नामांकन बांसी तहसील व डुमरियागंज नगर पंचायत में अध्यक्ष व सभासद पद के लिए तहसील कार्यालय में नामांकन का कार्य होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी कुणाल सिल्कू ने बताया कि सुबह 11 बजे से नामांकन का क्रम शुरू हो जाएगा। उम्मीदवार 10 नवंबर को अपराह्न तीन बजे तक अपना नामांकन कर सकेंगे। सकुशल नामांकन कार्य के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है।