संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज में हिस्टोपैथोलॉजी व ब्लड कल्चर जांच की जल्द सुविधा मिलेगी।
इससे मरीजों काे अब इन जांच को करवाने के लिए शहर के बाहर व निजी अस्पताल में नहीं जाना पड़ेगा। इस जांच के शुरू होने से मरीज आसानी से मेडिकल कॉलेज में इलाज करवा पाएंगे। दोनों जांच के लिए उपकरणों की खरीदारी शुरू कर दी गई है।
चिकित्सकों के अनुसार हिस्टोपैथोलॉजी जांच रोगों का पता लगाने और निदान करने के लिए किया जाता है। इसमें माइक्रोस्कोप के नीचे ऊतक के नमूनों की जांच करते हैं।
इससे कैंसर, संक्रमण और सूजन संबंधी बीमारियों की जानकारी होती है। जबकि ब्लड कल्चर की जांच रक्त में मौजूद बैक्टीरिया या फंगस जैसे सूक्ष्मजीवों की पहचान करने के लिए किया जाता है।
इससे रक्त संक्रमण (बैक्टीरेमिया) का पता लगाया जाता है, जिससे मरीजों के अंदर पनप रहे फंगस का तत्काल पता लगाया जाता है।
इससे मरीजों को जांच की सुविधा आसानी से मिलती है। मेडिकल कॉलेज में इन दोनों जांच की सुविधा बढ़ने के बाद मरीज को दूसरी जगह का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।
प्राचार्य प्रो. राजेश मोहन ने बताया कि दाेनों जांच के लिए मशीनों की खरीदारी की जा रही है, जल्द ही जांच की सुविधा भी मिलेगी।फ