किसानों की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं करेगी भाकियू
लोटन। भारतीय किसान यूनियन अंबलता ब्लॉक इकाई की मासिक पंचायत सोमवार को लोटन ब्लॉक परिसर में हुई। किसानों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। किसान नेताओं ने कहा कि कुछ कर्मचारी किसानों की उपेक्षा कर रहे हैं। किसानों की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चेतावनी दी कि अगर कर्मचारियों ने अपने रवैए में सुधार नहीं किया तो संगठन उनके खिलाफ खड़ा होगा।
तहसील अध्यक्ष अनिल राव ने कहा कि कर्मचारियों के उपेक्षा पूर्ण रवैये के कारण मजबूर होकर पंचायत लगानी पड़ती है। ब्लॉक अध्यक्ष छेदी प्रसाद ने कहा कि विधवा, वृद्धावस्था पेंशन व शादी अनुदान की फाइलों का निस्तारण नहीं किया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय, पेंशन, पशु शेड, बकरी शेड का लाभ पात्र व्यक्तियों को दिलाने की मांग की।
ब्लॉक अध्यक्ष नेकहा कि ब्लॉक में तमाम सामुदायिक शौचालय बंद पड़े हैं। उसको चालू कराने के साथ पंचायत वार सूची उपलब्ध कराई जाए। शौचालय का अनुदान, जनसूचना समय से देने, राज वित्त, तेरहवां व चौदहवां वित्त के आवंटन की सत्यापन रिपोर्ट मांगी गई। समस्याओं का निस्तारण जल्द नहीं हुआ तो बड़ी पंचायत लगाई जाएगी। पंचायत में तहसील महासचिव मनोज वर्मा, युवा ब्लॉक अध्यक्ष इलियास अहमद, संतराम गुप्ता, पटेश्वरी चौधरी, सपना गुप्ता, ओमप्रकाश गुप्ता, दुशाली देवी, प्रमीला, रहमत अली, नूरजहां आदि मौजूद रहे।