सिद्धार्थनगर। बीएसए कार्यालय पर धरना दे रहे भाकियू (भानू गुट) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को रोड जाम कर दिया। आंदोलन के प्रति अफसरों की अनदेखी से भड़के किसानों ने विभाग और जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारे लगाए। करीब आधे घंटे तक जाम से बेलहिया तिराहा से साड़ी तिराहा तक आवागमन बाधित रहा। बीएसए व नायब तहसीलदार के पहुंचने के बाद जाम समाप्त हुआ।
18 सूत्रीय मांगों को लेकर भाकियू कार्यकर्ता बीएसए कार्यालय पर 21 नवंबर से धरनारत हैं। इस बीच कई बार उन्होंने ज्ञापन देने का प्रयास किया। लेकिन सक्षम अधिकारियों के न पहुंचने से कार्यकर्ता आक्रोशित रहे। सोमवार को दिनभर धरना देने के बाद भी जब कोई अधिकारी नहीं आया तो कार्यकर्ताओं ने बीएसए दफ्तर के सामने एनएच-730 को जाम कर दिया। इससे बेलहिया तिराहा से साड़ी तिराहा तक वाहनों का आवागमन ठप हो गया। बीच सड़क बैठे कार्यकर्ताओं ने मांगों के समर्थन में जोरदार नारे लगाए। इस दौरान उन्होंने पत्रकार ध्रुव यादव का मुद्दा भी उठाया।
मामले की न्यायिक जांच कराने की मांग करते हुए जिला प्रशासन की उदासीनता पर नाराजगी जताई। जाम की सूचना के बाद बीएसए अरविंद कुमार पाठक व नायब तहसीलदार अश्विनी कुमार मौके पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों को समझाते हुए जाम समाप्त कराने का आग्रह किया। अफसरों के शीघ्र कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ। धरना व जाम में भाकियू के राष्ट्रीय महासचिव कपिलदेव राय, इंद्रजीत द्विवेदी, अनिल कुमार राव, पंकज वर्मा, बरकतुुल्लाह, कासिम अली, इम्तियाज अहमद, नूरजहां खातुन, छेदी प्रसाद, विशंभर गौड़, नंदलाल कौशिक, बाबूराम लोधी, डॉ.अबू हसन, रुद्रनारायण चौबे, रंजीत कुमार, अमरावती, गुडिय़ा देवी, सुभावती, कलावती, उत्तमा देवी और भारत किसान आदि शामिल रहे।