सिद्धार्थनगर। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर बुधवार को बैठक आयोजित की गई। इसमें 6 अप्रैल को मनाए जाने वाले पार्टी के स्थापना दिवस को लेकर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी हरि चरण कुशवाहा ने कहा कि 6 अप्रैल को पार्टी का स्थापना दिवस बूथ स्तर से लेकर सेक्टर, मंडल और जिला कार्यालय तक उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा। इस अवसर पर स्वदेशी सामग्री से साज-सज्जा की जाएगी और सभी कार्यकर्ता प्राथमिक तथा सक्रिय सदस्यों के साथ मिलकर कार्यक्रम आयोजित करेंगे। साथ ही पार्टी के महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनकी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर सफाई करना, महापुरुषों का माल्यार्पण करना और जरूरतमंदों की सहायता करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। बैठक में विधायक श्यामधनी राही ने प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं से उन्हें घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। वहीं, पूर्व विधायक राघवेंद्र सिंह ने संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने और सरकार की नीतियों को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में निवर्तमान जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान ने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक कार्यों को निष्ठा के साथ करने और आगामी अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए बैठक के समापन की घोषणा की।
इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र मोदी त्रिपाठी, लालजी त्रिपाठी, उपेंद्र सिंह, गोविंद माधव, शिवनाथ चौधरी सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।