इटवा कस्बे के राम लखननगर, मल्हवार से मेरा माटी, मेरा देश कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थ नगर। पूर्व मंत्री डाॅ. सतीश चंद्र द्विवेदी ने शुक्रवार को इटवा कस्बे के राम लखननगर, मल्हवार से मेरा माटी, मेरा देश कार्यक्रम के तहत लोगों के घर जाकर कलश में मिट्टी एकत्र करने का शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के आह्वान पर भाजपा कार्यकर्ता हर गांव, मुहल्ले और घर से देश की मिट्टी एक कलश में एकत्र करके मिट्टी भरी कलश के माध्यम से देश के शहीदों को नमन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले साल स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हर घर तिरंगा अभियान और इस साल मेरी माटी, मेरा देश अभियान के साथ आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। यह अभियान देश के वीरों को सम्मान देने के लिए शुरू किया गया है।
उन्होंने कहा कि नौ वर्षों में मोदी सरकार ने देश के हर गरीब को निशुल्क राशन, पीएम आवास, शौचालय, निशुल्क चिकित्सा के लिए आयुष्मान कार्ड, निशुल्क गैस कनेक्शन, किसान सम्मान निधि योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू किया। वहीं अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर मंदिर का निर्माण, जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 तथा 35 ए की समाप्ति, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, उज्जैन का महालोक तथा प्रयागराज का दिव्य-भव्य कुंभ आयोजित किया। अब जी 20 की अध्यक्षता तथा मंगलयान और चंद्रयान मिशन को भी पूरा करके पूरी दुनिया को भारत का लोहा मनवाया है।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष दीप नारायण तिवारी, नगर पंचायत अध्यक्ष विकास जायसवाल, जिला मंत्री कृष्णा मिश्रा, प्रदीप कसौधन, बलराम मिश्रा, सदानंद शुक्ल, अमित मिश्र, प्रमोद पांडेय मौजूद रहे।