- इटवा थाना क्षेत्र के शाहपुर चौराहे के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहपुर। इटवा थाना क्षेत्र के शाहपुर चौराहे के पास शनिवार सुबह ट्रक ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही ट्रक कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। युवक भनवापुर ब्लॉक में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था।
डुमरियागंज थाना क्षेत्र के लोहरौली गांव के निवासी अखिलेश (24) पुत्र सुरेश चंद्र श्रीवास्तव भनवापुर ब्लॉक में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर तैनात था। शनिवार सुबह भनवापुर ब्लॉक जाने के लिए वह घर से निकला था। इटवा थाना क्षेत्र में स्थित शाहपुर चौराहा पार करते ही बाइक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर गिर गया। इस दौरान पीछे से आ ट्रक से कुचलकर अखिलेश की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। ट्रक पकड़ने के साथ ही शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत की खबर मिलने के बाद से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इटवा थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश ने कहा कि ट्रक कब्जे में लेकर चालक पर केस दर्ज कर कर कार्रवाई की जा रही है।