- जोगिया कोतवाली क्षेत्र के जोगिया-पकड़ी मार्ग पर विशुनपुर प्राथमिक विद्यालय के पास देर रात हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। जोगिया कोतवाली क्षेत्र के जोगिया-पकड़ी मार्ग पर स्थित विशुनपुर प्राथमिक विद्यालय के पास सोमवार रात बाइक सवार एक युवक को ओवरटेक करते समय वाहन की चपेट में आ गया। इस हादसे में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
चिल्हिया थाना क्षेत्र के पिपरा भड़ेहर गांव निवासी कपिल (28) पुत्र रमल मां के साथ जोगिया कोतवाली क्षेत्र के बौरिहवा गांव में ननिहाल में रहता था। बताया जा रहा है कि सोमवार रात वह कहीं बाइक से गया था। लौटते समय जोगिया कोतवाली क्षेत्र के जोगिया-पकड़ी मार्ग पर प्राथमिक विद्यालय विशुनपुर के पास उसने सामने जा रहे वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया। ओवरटेक करते ही सामने से आ रहे अज्ञात वाहन उसकी बाइक में टक्कर मारकर फरार हो गया। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस युवक को लेकर जिला अस्पताल गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौके पर पहुंचे जोगिया कोतवाली के एसआई अख्तर ने बताया कि युवक को अस्पताल भेजा गया था। डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजन को सूचना देने के बाद शव को मंगलवार को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत की खबर मिलने के बाद से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।