संवाद न्यूज एजेंसी
बांसी। खलीलाबाद रोड पर नगर की सीमा से सटे बहबोल के निकट शुक्रवार की सुबह आठ बजे एक बाइक सवार भैंस से टकरा कर गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए गोरखपुर ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। मलौली गांव निवासी अब्दुल अजीज उर्फ बबलू (38) पुत्र निजामुद्दीन बाइक से बांसी गया था। काम निपटाकर वह घर लौट रहा था। बहबोल के निकट अचानक दौड़ती हुई एक भैंस रास्ते में आ गई, जिससे वह टकरा गया और उसके सिर में काफी चोट लग गई।
आसपास के लोग उसे इलाज के लिए उच्चीकृत संयुक्त अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सक ने मेडिकल काॅलेज सिद्धार्थनगर, फिर वहां से मेडिकल काॅलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। परिजन गोरखपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। परिजन कोई कानूनी कार्रवाई नहीं करना चाहते थे। इसलिए शव घर लाकर अंतिम संस्कार कर दिया। अब्दुल अजीज के पत्नी के अलावा दो बेटे और एक बेटी हैं। बड़ा बेटा 12 वर्ष, बेटी 10 वर्ष और छोटा बेटा 8 साल का है। इस हादसे से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।