शोहरतगढ़/ पकड़ी बाजार। शोहरतगढ़-चेतिया मार्ग पर नकथर गांव के पास बाइक सवार खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराया। इस हादसे में शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र धनगढ़िया गांव निवासी फूलचंद पासवान (45) पुत्र संतराम की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के धनगढ़िया गांव निवासी फूलचंद पासवान सोमवार को सुबह शोहरतगढ़ गए थे। दोपहर में बारिश धीमी हो रही थी। उसी दौरान शोहरतगढ़ से घर लौट रहे थे। जैसे ही नकथर गांव के पास पहुंचे थे कि तभी बाइक अनियंत्रित होकर ट्रक में पीछे से जा टकराई। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे एंबुलेंस से शोहरतगढ़ सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस हादसे की खबर गांव में पहुंचते ही धनगढ़िया में मातम छा गया।
मौत की खबर सुनते ही पत्नी मनरावती रोने-बिलखने लगी। सीएचसी पहुंचकर पति के शव से लिपटकर दहाड़ मार रोने लगी। चिकित्सक ने बताया कि सिर में गहरी चोट लगने पर काफी खून बह जाने से मौत हो गई। हेलमेट पहनी होती तो जान बच सकती थी।
इस संबंध में थानाध्यक्ष नवीन कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। मृतक के परिजन की तहरीर पर प्राथमिकी दर्जकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।