शोहरतगढ़। क्षेत्र के रमवापुर चौराहे पर गुजरौलिया टोला करहिया निवासी कृष्णा भारती (26) पुत्र घनश्याम की बाइक खड़े ई-रिक्शा में जा टकराई। इस हादसे में उसकी मौत हो गई जबकि, बाइक पीछे बैठे दीपक और वीरू घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र महादेवा नानकार निवासी दीपक भारती के चाचा की लड़की के शादी समारोह में शामिल होने के लिए मंगलवार को उसके बहनोई गुजरौलिया टोला करहिया निवासी कृष्णा भारती उसके घर आए थे। बुधवार दोपहर बाद कृष्णा बाइक पर अपने साले दीपक व वीरू को बैठाकर किसी काम से चोड़ार जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि जैसे ही पल्टादेवी मार्ग पर रमवापुर चौराहे के पास बाइक अनियंत्रित होकर किनारे खड़े ई-रिक्शा से जा टकराई। इस हादसे में तीनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की सहायता से शोहरतगढ़ सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने कृष्णा भारती को मृतक घोषित कर दिया। घायल दीपक व वीरू का इलाज सीएचसी पर चल रहा है।