- डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के ग्राम धनुवाडीह की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
डुमरियागंज। तहसील क्षेत्र के धनुवाडीह गांव में बुधवार की रात एक व्यक्ति के घारी में आग लग गई। इससे घारी में खड़ी बाइक समेत अन्य सामान भी जल गए। आग की घटना में एक भैंस भी झुलस गई है।
धनुवाडीह गांव निवासी संतोष यादव ने बताया कि हर दिन की तरह उसका परिवार बुधवार की रात भोजन करने के बाद सो गया। अचानक उसके घारी से धुंआ उठने लगा। जब तक परिवार के सदस्य जागते तब तक आग से तेज लपटे निकलने लगीं। बचाव के लिए परिवार व गांव के लोग घटना स्थल की ओर दौड़े। तब तक घारी पूरी तरह से आग की चपेट मे आ चुकी थी। घारी में रखी बाइक व अन्य सामान भी जल गए। एक भैंस भी बुरी तरह से झुलस गई है। पीड़ित के मुताबिक इसमें उसका लगभग एक लाख रुपये की क्षति हुई है। पीड़ित ने मामले में आर्थिक सहायता दिलाई जाने की मांग की है। इस संबंध में तहसीलदार रवि कुमार यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। संबंधित लेखपाल से आख्या रिपोर्ट मांगी जाएगी।