जियो टैगिंग मामले में भनवापुर ब्लॉक फिसड्डी
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण का मामला
लोटन, खेसरहा, शोहरतगढ़, मिठवल की भी प्रगति खराब
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत आवास की की स्वीकृति और जियो टैग के मामले में सर्वाधिक फिसड्डी भनवापुर ब्लॉक का नाम सामने आया है। जबकि अन्य चार ब्लाक लोटन, खेसरहा, शोहरतगढ़, मिठवल भी खराब प्रगति की श्रेणी में है। परियोजना निदेशक ने संबंधित खंड विकास अधिकारियों को प्रगति में बेहतरी के लिए हिदायत दी है।
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत आवासों की स्वीकृति, जियो टैगिंग और प्रगति के बारे में प्रतिदिन उच्चस्तरीय मॉनीटरिंग की जा रही है। बीते 11 जनवरी तक जियो टैगिंग के मामले में ऑनलाइन रिपोर्ट के मुताबिक जिले के 14 विकास खंडों में खराब प्रगति वाले पांच विकास खंडों की दैनिक रिपोर्ट में लोटन, खेसरहा, भनवापुर, शोहरतगढ़ और मिठवल शामिल हैं। जबकि सत्यापन के साथ स्वीकृति संबंधी रिपोर्ट में भनवापुर ब्लॉक की स्थिति काफी खराब है। इसके अलावा बढ़नी, खेसरहा, मिठवल, लोटन और भनवापुर शामिल हैं। जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक संत कुमार ने बताया कि दैनिक रिपोर्ट के आधार पर भनवापुर की स्थिति संतोषजनक नहीं है। सबसे खराब स्थिति यहीं की है, अन्य चार ब्लॉक भी खराब प्रगति वाले श्रेणी में चिह्नित किए गए हैं। दूरभाष से संबंधित खंड विकास अधिकारियों को लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति पूरी करने की हिदायत दी गई है।