संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट ने सोमवार को कलक्ट्रेट परिसर में मासिक बैठक व पंचायत आयोजित की। इस दौरान बिजली निगम के निजीकरण व स्मार्ट मीटर बंद करने व किसानों की सिंचाई के लिए बिजली मुफ्त दिलाने की मांग की गई।
सभी किसानों का कृषि ऋण माफी व एक निजी बैंक के डिप्टी चेयरमैन पर केस दर्ज कराने आदि 16 सूत्री मांगों के समाधान के लिए राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। मंडल अध्यक्ष मातेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि सभी विकास खंडों में करीब पांच हजार किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
इसकी जांच कराकर शीघ्र किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ दिलाएं। बिजली निगम द्वारा मीटर रीडिंग के नम पर पूरे जिले में उपभोक्ताओं का शोषण किया जा रहा है। बाढ़ के मद्देनजर बांधों की मरम्मत कराई जाए। बांसी तहसील क्षेत्र दनियावर में खलिहान की भूमि को कब्जा मुक्त कराया जाए। इसके साथ प्रदेश में 50 से कम छात्र वाले परिषदीय विद्यालयों मर्जन के निर्णय को वापस लिया जाए। जिससे गरीबों के बच्चे शिक्षा से वंचित न रहने पाए।
पंचायत की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राकेश कुमार श्रीवास्तव ने किया। इस दौरान मंडल उपाध्यक्ष समसुलजुहा, कपिल मणि त्रिपाठी, सुदामा गुप्ता, राधेश्याम सोनी, भूपेंद्र सिंह, राम कुमार यादव, हाफिज अहमद, कंचन देवी, अब्दुल रहीम, माे. मुनीफ व मो. इस्लाम आदि मौजूद रहे।