भाकियू भानु गुट के कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार इटवा को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। इटवा तहसील परिसर में सोमवार को भाकियू भानु गुट के कार्यकर्ताओं ने बैठक की। स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने सहित अन्य मांगों के समर्थन में तसीलदार इटवा को ज्ञापन सौंपा। मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
जिलाध्यक्ष राकेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि केंद्र सरकार शीघ्र ही स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करे। इस रिपोर्ट में किसानों के हित के लिए कार्य किया गया है। भाजपा कार्यकर्ताओं की तरह प्रदेश के किसानों पर आंदोलन के दौरान दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएं। उन्होंने कहा कि आएदिन हो रहीं दुर्घटनाओं के बावजूद पटरियों से अतिक्रमण नहीं हटाया जा रहा है।
कहा गया कि नलकूपों की टूटीं नालियों की मरम्मत कराई जाए। उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए। तहसील क्षेत्र के गांवों में सरकारी जमीन पर हुए अवैध कब्जे को हटवाया जाए। सड़कों पर घूम रहे पशुओं को गोशालाओं में भेजा जाए।
इस दौरान भाकियू भानु गुट के ब्लॉक अध्यक्ष अब्दुल रहीम, उदय प्रताप चौधरी, मथुरा प्रसाद, रामफेर, पुजारी विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे।