नगर क्षेत्र ही नहीं ग्रामीण इलाकों में भी धड़ल्ले से बेचे जा रहे हैं चर्चित कंपनियों के डुप्लीकेट उत्पाद
सितंबर माह में घुघली क्षेत्र में ही नकली टाटा नमक, चाय और हार्पिक की बड़ी खेप बरामद हुई थी
महराजगंज। जनपद के बाजारों में चर्चित कंपनियों के नकली उत्पादों की भरमार है। एक चर्चित कंपनी के अधिकारी के अनुसार जनपद के बाजार में नकली फुटवियर से पटे पड़े हैं। ब्रांडेड के नाम पर नकली चप्पलों की बिक्री की जा रही है। कंपनी के जांचकर्ता की सतर्कता के कारण मामले का खुलासा हुआ। पुलिस तीन कारोबारियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। जिले में खाद्य पदार्थ ही नहीं अब नकली फुटवियर की बिक्री कर धंधेबाज मोटा मुनाफा कमा रहे हैं।
सूत्रों की मानें तो बाजार में डुप्लीकेट सामान की बिक्री धड़ल्ले से हो रही है। महंगे ब्रांड के नकली उत्पाद से मार्केट भरा पड़ा है। शिकायत होने पर ही मामला पकड़ में आता है। टीवी, फ्रिज से लेकर फुटवियर तक के नकली उत्पाद बाजार में बिक रहे हैं। आम उपभोक्ताओं के लिए इनकी पहचान कर पाना मुश्किल होता है। सूत्रों की माने तो नकली उत्पाद सस्ते दामों पर शहर के अलावा जनपद के ग्रामीण बाजारों, पनियरा सिसवा, ठूठीबारी, बरगदवा, प्रसामलिक, सोनौली, भगवानपुर, हरदी डाली, नौतनवा, कोल्हुई, बृजमनगंज, आनंदनगर, लक्ष्मीपुर, अड्डा बाजार में दिल्ली से लाए जाते हैं।
सितंबर में घुघली क्षेत्र से ही नकली टाटा नमक, चाय और हार्पिक की बड़ी खेप बरामद हुई थी। पुलिस ने गोदाम पर छापा मारकर टाटा नमक, टाटा प्रीमियम टी, फेवी क्विक, हार्पिक और कोलिन जैसे चर्चित ब्रांडों के नकली उत्पाद भारी मात्रा में बरामद किया था। छापेमारी के दौरान आरोपी पिता-पुत्र नहीं पकड़े जा सके। पुलिस ने कॉपीराइट एक्ट और भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया। अभी दो माह भी पूरे नहीं हुए कि घुघली कस्बे में नकली चप्पल की बरामदगी हुई है।
नकली स्पार्क चप्पल बरामद, तीन दुकानदारों पर केस
महराजगंज। थाना घुघली क्षेत्र में रिलैक्सो फुटवियर्स लिमिटेड कंपनी के नाम से नकली स्पार्क चप्पल बेचने के आरोप में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। कंपनी के जांचकर्ता की शिकायत पर छापेमारी में तीन दुकानों से कुल 240 जोड़ी नकली चप्पल बरामद किए गए। पुलिस ने कॉपीराइट एक्ट 1957 की धारा 63 के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
महाराष्ट्र के पालघर जिले के नालासोपारा स्थित दामोदर पार्क निवासी शिकायतकर्ता मनीष गुप्ता (35) रिलैक्सो कंपनी में जांचकर्ता के पद पर कार्यरत हैं। मनीष ने थाना घुघली में तहरीर देकर बताया कि घुघली बाजार में उनकी कंपनी के ब्रांड स्पार्क के नकली चप्पल बेचे जा रहे हैं। 9 नवंबर को घुघली वह पहुंचे और गुप्त रूप से पता लगाया। पुलिस टीम सबसे पहले रेलवे ढाला के पास रोजाई (40) की दुकान पर छापा मारा। तलाशी में स्पार्क ब्रांड के 48 जोड़ी नकली चप्पल बरामद हुए। रोजाई ने पूछताछ में कबूल किया कि सस्ता माल मिलने के कारण वे इसे बेच रहे थे। इसी क्षेत्र में संतोष मद्देशिया की दुकान से भी 48 जोड़ी नकली चप्पल मिले।
तीसरी कार्रवाई कफवा मोड़ के पास नन्हे सिंह (35), निवासी जोगिया टोला कफवा की दुकान एवं गोदाम पर हुई। यहां पर 144 जोड़ी नकली चप्पल बरामद किए गए। 240 जोड़ी नकली चप्पल पांच सफेद बोरे में पैक कर सील किए गए। असली स्पार्क चप्पल की एक जोड़ी नमूना के तौर पर परीक्षण के लिए रखी गई। घुघली थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है। पता लगाया जा रहा है कि ये नकली चप्पलें कहां से सप्लाई की जा रही थीं।
वर्जन .....................
शिकायत मिलने पर पहले गोपनीय ढंग से जांच की गई। इसके बाद पुलिस टीम को साथ लेकर दुकानों पर छापा मारा गया तो हकीकत सामने आ गई।
-मनीष गुप्ता, जांचकर्ता, रिलैक्सो कंपनी